सतना में नागौद थाना क्षेत्र के पोड़ी चौकी के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अटरा गांव के मोड़ पर हुआ। दशहरा देखकर लौट रहे थे युवक
मृतकों की पहचान पोड़ी निवासी अनुज कुशवाहा (22) और बिट्टू कुशवाहा (35) के रूप में हुई है। वहीं घायल आशु चौधरी (24) भी पोड़ी का ही रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक कुलगढ़ी में दशहरा समारोह में शामिल होकर बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पोड़ी चौकी प्रभारी राजेंद्र साकेत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल आशु चौधरी को पहले उचेहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।


