अनूपपुर में 35 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन:विजयादशमी पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया; दुर्गा की प्रतिमाओं का किया विसर्जन

अनूपपुर जिले में गुरुवार को शारदेय नवरात्रि के दसवें दिन विजयादशमी का पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। साथ ही, आदिशक्ति माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया गया। अनूपपुर में नगर पालिका की ओर से उत्कृष्ट स्कूल के मैदान में रावण दहन का आयोजन किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों की उपस्थिति में 35 फुट ऊंचे रावण का दहन किया गया। मंच पर उपस्थित राम-लक्ष्मण और वशिष्ठ गुरु की अगुआई में रावण का वध किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। जिले भर में माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन जिला प्रशासन और जनभागीदारी से बनाए गए स्थायी और अस्थायी कुंडों में कराया गया। अनूपपुर मुख्यालय में सभी प्रतिमाओं को पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप बनाए गए अस्थायी कुंड में विसर्जित किया गया। विसर्जन का यह क्रम शुक्रवार को भी जारी रहेगा। विजयादशमी पर प्रतिमाओं की झांकियां निकाली गई अनूपपुर मुख्यालय के अलावा कोतमा, बिजुरी, राजनगर, पसान, जैतहरी, वैकटनगर, चचाई, राजेंद्रग्राम और अमरकंटक सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी छोटी-बड़ी प्रतिमाओं की झांकियां निकाली गई। इन आयोजनों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बल तैनात रहे। सभी स्थानों पर दशहरा पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कोतमा में भी विजयादशमी का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। शारदा मंदिर टॉकीज से सभी दुर्गा प्रतिमाओं की झांकियां एक भव्य चल समारोह के रूप में निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए ठाकुर बाबा धाम पहुंचीं। इस जुलूस में जवारे के साथ काली नृत्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। नगर पालिका की ओर से बनाए गए अस्थायी कुंड में सभी दुर्गा प्रतिमाओं का आरती-पूजन के बाद विसर्जन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *