जयपुर के रावण दहन में महिला के डांस पर हंगामा:’मुन्नी बदनाम हुई’ गाने पर हुआ डांस, बीजेपी कार्यकर्ता बोले- अश्लीलता दिखाई

जयपुर में विजयदशमी पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में गुरुवार रात हंगामा हो गया। यहां सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान एक महिला ने मुन्नी बदनाम हुई गाने पर डांस किया। इसे देखकर स्थानीय लोगों ने विरोध कियाा। हंगामा बढ़ते देखकर आयोजकों को डांस रोकना पड़ा। घटना प्रतापनगर सेक्टर 16 में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम की है। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रताप नगर विकास समिति की ओर से किया गया था। रावण दहन के मुख्य कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और पूर्व सांसद रामचरण बोहरा भी शामिल हुए थे। बीजेपी कार्यकर्ता बोले- विरोध किया तो गाली-गलौज की गई स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता मोहित गौतम ने कहा- भगवान राम के नाम पर हजारों की भीड़ इकट्ठा कर अश्लील डांस दिखाया गया। जब मैंने इसका विरोध जताया तो आयोजकों ने मेरे साथ ही गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री की तस्वीर लगी थी, मंत्री और नेता मौजूद थे। ऐसे में धार्मिक माहौल में अश्लील डांस कराकर न सिर्फ जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई। बल्कि, पार्टी की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। मोहित गौतम ने कहा कि आयोजकों ने जानबूझकर धार्मिक अवसर पर फिल्मी गानों और अश्लील डांस का आयोजन कराया। जो सनातन धर्म और परंपरा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह स्थानीय प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। फिलहाल विवाद बढ़ने के बाद इलाके में मामला गरमा गया है और आयोजकों के खिलाफ लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मारपीट करने का आरोप लगाया मोहित ने बताया- गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम लगभग 8:15 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। वह 8:45 बजे चले गए थे। इसके बाद डांस कार्यक्रम हुआ। इसके बाद सनातन के मंच पर अश्लील डांस का प्रोग्राम शुरू हुआ था। कुछ लोगों ने मेरे साथ मारपीट की। इसके खिलाफ अब मैं पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाऊंगा। संयोजक बोले- बेबुनियाद आरोप लगा रहे कार्यक्रम के मुख्य संयोजक चेतन जैन ने बताया- कुछ लोग बेवजह विवाद पैदा करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। कोई सिर्फ मंच पर आने के लिए झूठे आरोप लगा रहा है। प्रताप नगर में रावण दहन कार्यक्रम पिछले 23 साल से चल रहा है। मुन्नी बदनाम और दो तीन चार इस तरह के गानों पर डांस करवाया गया है। यह कार्यक्रम साल में एक दिन होता है। ताकि लोगों का मनोरंजन हो सके। इसमें क्या अश्लील और कैसी अश्लीलता थी। बस कुछ लोगों के हमारा यह सफल आयोजन पचता नहीं है। जो हमारे आयोजन को फेल करने के लिए ऐसे अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। मोहित सिर्फ मंच पर बार-बार आने की कोशिश कर रहा था। जब उसे रोकना चाहा, तब उसने बेवजह विवाद शुरू कर दिया। अगर आप बीजेपी के नेता हो तो होंगे, लेकिन आपकी वजह से उन लोगों को इग्नोर नहीं किया जा सकता, जो पिछले 15 दिनों से लगातार मेहनत कर रहे थे। मनोरंजन के लिए आयोजन किया गया था प्रताप नगर में बहुत बड़ी संख्या में लेबर क्लास और मध्यम वर्गीय लोग रहते हैं। उनके मनोरंजन के लिए इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आप खुद सोचिए अगर कुछ गलत होता तो इतने बड़े-बड़े राजनेता क्या हमारे कार्यक्रम में शामिल होते। यह सिर्फ नजरिया बदलने की बात है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *