डीडवाना की बेटियों का फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन:69वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टीम ने शीर्ष स्थान बनाया

डीडवाना जिले की बालिकाओं ने ब्यावर में आयोजित 69वीं अंडर-17 राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले की आठ बालिकाओं ने राजकीय बालिका फुटबॉल कोटा अकादमी का प्रतिनिधित्व किया। टीम ने अपने लीग मैचों में चूरू को 5-0, प्रतापगढ़ को 7-0, कैरथल-तिजारा को 8-0 और जैसलमेर को 7-0 से हराकर सुपर लीग में जगह बनाई। सुपर लीग में टीम का मुकाबला बीकानेर से 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद, उन्होंने सीकर को 10-0 और हनुमानगढ़ को 4-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी शीर्ष स्थिति बनाए रखी। इस सफलता में डीडवाना शहर की मारवाड़ फुटबॉल अकादमी और सुद्रासन गांव स्थित एरीना सॉकर अकादमी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अकादमी के संरक्षक डॉ. सोहन चौधरी और कोच शादाब उस्मानी के मार्गदर्शन में स्थानीय बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ियों में डीडवाना जिले की नौ बालिकाएं – आफरीन बानो, हंसिका, कौशल्या, तनीषा मेहरा, साक्षी, नम्रता कंवर और कविता मेहरा भी शामिल थीं।
इन बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा से न केवल नवगठित डीडवाना जिले को गौरवान्वित किया है, बल्कि स्थानीय खेल अकादमियों की मेहनत को भी सार्थक किया है। इस उपलब्धि पर जिला सचिव फरहत अली सहित समाजसेवियों और विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने बालिका खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *