हनुमानगढ़ के गोलूवाला सिहागान में गुरुवार दोपहर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया। बाइक से मंडी जा रहे रामस्वरूप और उनके पुत्र महेंद्र कुमार पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर मारपीट की। इस हमले में महेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस के अनुसार वार्ड 11 निवासी रामस्वरूप (59) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वे अपने पुत्र महेंद्र कुमार के साथ घर से मंडी जाने के लिए बाइक पर निकले थे। तभी घर के बाहर घात लगाकर बैठे कृष्णलाल, महावीर, नितेश, जयंत और 3-4 अन्य लोगों ने उन पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमलावरों ने पिता-पुत्र पर ईंट-पत्थर फेंके और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान दोनों को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों से छुड़वाया। हमले के बाद महेंद्र कुमार को बेहोशी की हालत में गोलूवाला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। चोटें गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें हनुमानगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में गोलूवाला पुलिस थाना में चार नामजद सहित 7-8 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई धर्मपाल को सौंपी गई है।


