सीहोर में भोपाल बायपास पर लसुड़िया परिहार गांव के पास एक ढाबे के समीप 40 वर्षीय अभिषेक तोमर का खून से लथपथ शव मिला है। अभिषेक चाणक्यपुरी निवासी रिटायर्ड रेंजर विजय सिंह तोमर के बेटे थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को शव पेट के बल पड़ा मिला। मुंह और नाक से काफी खून बह रहा था, जिससे प्रतीत होता है कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटनास्थल पर अभिषेक की बाइक भी खड़ी मिली। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने इसे निर्मम हत्या बताया है। अभिषेक के पिता विजय सिंह तोमर ने स्पष्ट कहा है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने मार्ग कायम कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


