भीलवाड़ा के जहाजपुर में महानवमी के मौके पर आयोजित रामलीला में स्थानीय विधायक आयोजकों पर भड़क उठे। व्यवस्थाओं में जुटे आयोजक को पहले लात मारकर दूर जाने का इशारा किया, फिर हाथ से धक्का देकर दूर जाने के लिए कहा। असल में, भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव धीरज गुर्जर को बुलाने से नाराज थे। इसे लेकर उन्होंने आयोजकों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और लात मारकर उन्हें दूर जाने का इशारा किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनकी नाराजगी साफ दिखाई दे रही हैं। पहले देखिए… 2 तस्वीर कांग्रेस नेता की पहले स्पीच होने पर नाराज हुए
घटना महानवमी(1 अक्टूबर) को हुई, जिसका वीडियो आज सामने आया है। नवयुवक कला मंडल की ओर से जहाजपुर में रामलीला का मंचन किया गया। इस मौक पर मंडल के अध्यक्ष प्रकाश गुजराती ने स्थानीय भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव धीरज गुर्जर को भी आमंत्रित किया। दोनों एक साथ आयोजन में पहुंचे। इस दौरान नियमों को ध्यान में रखते हुए धीरज गुर्जर का विधायक से पहले बोलने का नंबर आया। अंत में गोपीचंद गुर्जर को बोलना था। इस बीच धीरज ने जब संबोधन शुरू किया तो उनकी पूरी बात गोपीचंद ने सुनीं, लेकिन जब गोपीचंद ने अपनी बात शुरू कीं, तब तक गुर्जर जा चुके थे। इसी बात पर जहाजपुर विधायक नाराज थे। मामले में विधायक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद आया। पहले भी ढोल वाले को लात मारकर बोले थे- आगे बढ़ो
इससे पहले भी भीलवाड़ा में जहाजपुर में गणेश चतुर्थी के मौके पर विधायक गोपीचंद मीणा ढोल वाले को लात मार चुके है। दरअसल गणेश चतुर्थी पर गणेश सेवा समिति ने रैली निकाली थी। रैली में विधायक गोपीचंद मीणा अपने समर्थकों के साथ बाइक पर चल रहे थे। इस दौरान विधायक ने ढोल वाले के धीरे चलने पर उसे लात मारकर आगे बढ़ने के लिए कहा। इसका वीडियो सामने आने के बाद विधायक ने कहा- ढोल वाला गाड़ियों के आगे चल रहा था। पीछे से तेज गति में आ रही कोई गाड़ी उसे टक्कर मार सकती थी। ऐसे में उसको साइड में करना चाहता था तो पैर लगाकर इशारा किया था। उसे लात मारने का सवाल ही नहीं उठता, वह तो हमारा कार्यकर्ता है और मेरे लिए सम्माननीय है।


