बारां में बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को चौमुखा बाजार में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 10 परिसरों की जांच की, जिसमें 5 उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। इन पर कुल 1.78 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया और मौके से अवैध कनेक्शन हटाए गए। यह कार्रवाई एक्सईएन सतर्कता कालूलाल मीणा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान टीम ने मकानों, दुकानों और दूध डेयरी सहित विभिन्न परिसरों का निरीक्षण किया। जिन उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी का आरोप लगा, उनके खिलाफ नियमानुसार वीसीआर (विद्युत चोरी रिपोर्ट) भरी गई।निगम के अधिकारियों ने बताया कि यदि निर्धारित समय में जुर्माना राशि जमा नहीं की जाती है, तो दोषियों के खिलाफ एपीटीपीएस थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। विजिलेंस टीम ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।इस सतर्कता जांच के दौरान बिजली निगम के टेक्नीशियन ओम वर्मा, नीरज मीणा, प्रदीप कुमावत और एपीटीपीएस थाना स्टाफ मौजूद रहा।


