सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ताला में पुलिया के पास कोरियाई मोहल्ले की ओर से आ रही एक बेकाबू कार सीधे तालाब में जा गिरी। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे हुई। गनीमत यह रही कि कार चला रहे युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, तालाब में गिरी यह कार ग्राम ताला निवासी अनिल सोनी की है। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल ने लगभग पंद्रह दिन पहले ही यह सेकेंड हैंड कार खरीदी थी और यह उनका पहला वाहन था। गांव के ही राकेश व्यास ने बताया कि अनिल अभी ड्राइविंग सीख रहे थे और वाहन चलाने में पूरी तरह योग्य नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह अपने घर से मुख्य मार्ग की ओर मझौली जाने के लिए निकले थे, तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में जा गिरी। लोगों ने कार मालिक को तालाब से निकाला हादसे के वक्त कार में अनिल के अलावा कोई और सवार नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। कार के तालाब में गिरने की खबर तेजी से गांव में फैली और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से अनिल सुरक्षित बाहर निकल पाए। हालांकि, कार पूरी तरह पानी में डूब गई, जिसे निकालने के प्रयास देर रात तक जारी रहे। घटना की पुलिस तक नहीं पहुंची सूचना मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि अभी तक थाने में घटना की कोई आधिकारिक जानकारी या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित कोई शिकायत या सूचना दर्ज होने पर मामले की जांच की जाएगी।


