कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल है। हादसा बंधी पेट्रोल पंप के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस को बुलाया। घायलों को इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नत्थू सिंह परिहार (66 वर्ष) निवासी जमुनिया कलां को मृत घोषित कर दिया, वहीं उनके साथ बाइक पर सवार उनके पुत्र वीरेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस के अनुसार, नत्थू सिंह परिहार अपने पुत्र वीरेंद्र सिंह के साथ अपनी बाइक से सलैया बैंक जा रहे थे। बंधी पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दूसरी बाइक का चालक भी गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज बदेरा शासकीय अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


