आठनेर-बैतूल रोड पर स्थित ताप्ती नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुक्रवार को 27 वर्षीय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। शव की पहचान मांडवी निवासी संदीप उर्फ गोलू पिता हेमराज साहू के रूप में हुई। पुलिस ने शव को नदी से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। कोलगांव के कोटवार मारुति वामनकर ने बताया कि युवक मांडवी की सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति की प्रतिमा विसर्जित करने अपने साथियों के साथ ताप्ती नदी गया था। यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। विसर्जन स्थल पर आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, एसएसआई दिनेश धुर्वे, संतोष चौधरी और महिला आरक्षक श्वेता सहित पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था। तभी एक युवक ने थाना प्रभारी को सूचना दी कि शवदाह वाले टीन शेड के पास एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां युवक की पहचान मांडवी निवासी गोलू उर्फ हेमराज के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। बताया गया है कि यह थाना क्षेत्र बैतूल बाजार के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों के अनुसार, संदीप अविवाहित था और हमाली का काम करता था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।


