डूंगरपुर में पति ने पत्नी की हत्या कर शव तहखाने में दफना दिया। इसके 6 दिन बाद खुद ही थाने में सरेंडर करने पहुंच गया। आरोपी पत्नी के बार-बार दूसरे मर्दों के साथ भागने से परेशान था। मामला जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के सुराता गांव का है। सीमलवाड़ा डीएसपी राजकुमार राजोरा ने बताया- सुराता गांव निवासी अरविंद रोत (33) ने 27 सितंबर की रात पत्नी चेतना (30) की हत्या कर दी थी। इस घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने 29 सितंबर को घर के पास ही अपनी दुकान के तहखाने में गड्ढा खोदकर पत्नी के शव को दफना दिया। इसके बाद आरोपी इधर-उधर घूमता रहा। आरोपी अरविंद ने 3 अक्टूबर को सुबह चौरासी थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीहर और ससुराल पक्ष में घंटों चली वार्ता घटना की जानकारी मिलते ही मृतका का पीहर पक्ष भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने एसडीएम को सूचित किया, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। शव को बाहर निकालने को लेकर पीहर और ससुराल पक्ष के बीच घंटों लंबी बातचीत चली, जिसमें पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने रहे। चार थानों की पुलिस की तैनात मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी राजकुमार राजोरा सहित चार थानों का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। शाम को दोनों पक्षों के बीच वार्ता सफल होने के बाद पीहर पक्ष की मौजूदगी में एसडीएम ने दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया। शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पत्नी के बार-बार भागने से परेशान था पति पुलिस ने बताया- महिला का पति घर के पास ही दुकान चलाता है। वहीं, महिला घर पर ही रहती थी, लेकिन वह दो-तीन बार अलग-अलग लोगों के साथ भाग गई थी। इससे वह परेशान था। महिला 20 सितंबर को भी किसी के साथ भाग गई थी। पति को महिला के डूंगरपुर में होने की सूचना मिलने पर पति उसे मनाकर 27 सितंबर को घर ले गया। इसके बाद रात में हत्या कर शव दुकान के नीचे बने तहखाने में गड्ढा खोदकर दफना दिया। दोनों के एक पांच का बच्चा भी है।


