भिलाई में 7 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार:ठगी की रकम से खरीदी लग्जरी कार-मोबाइल जब्त, 30% कमीशन रखकर बाकी साथियों को देता था

भिलाई में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड सोमेन्द्र पाटिल (28) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्मृति नगर थाना सुपेला पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरोह के अन्य आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके थे। भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सोमेन्द्र पाटिल सेक्टर-6 का निवासी है। उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों से करीब 7 करोड़ रुपए की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई 38 लाख रुपए की महिंद्रा कार (CG 07 CY 9080) और लगभग 40 लाख रुपए का गूगल फोन जब्त किया है। 20-40% मुनाफे का झांसा देकर निवेशकों को फंसाया इस मामले में शिकायतकर्ता करण शर्मा ने पुलिस को बताया था कि उसने और उसके साथियों ने निशा बिजनेस कंसलटेंट प्रा. लि. और यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन में निवेश किया था। कंपनियों ने 20 से 40 प्रतिशत मुनाफा और एक साल में राशि दोगुनी करने का लालच देकर निवेशकों को फंसाया। इस प्रकरण में पहले ही स्नेहांशु नामदेव, उसकी पत्नी डाली नामदेव, निशा मानिकपुरी, धातरी कोसरे और शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। उनसे पूछताछ और मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने पाटिल को पकड़ा। आरोपी ने कमीशन के नाम पर लूटी करोड़ों की रकम जांच में खुलासा हुआ कि सोमेन्द्र पाटिल निवेशकों से मिली रकम का लगभग 30 प्रतिशत कमीशन के तौर पर रखता था और शेष राशि मुख्य आरोपियों को देता था। पाटिल अकेले ही लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए हड़प चुका था। सीएसपी भिलाई ने बताया कि आरोपी ने ठगी की रकम का एक बड़ा हिस्सा चल-अचल संपत्ति में निवेश किया था। जब्त की गई कार और मोबाइल भी इसी ठगी के पैसे से खरीदे गए थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी रखे हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *