लखनऊ में तेज रफ्तार फॉरच्यूनर ने स्कूल वैन में टक्कर मार दी। वैन में सवार 2 छात्राएं घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से एक छात्रा की कॉलर बोन टूट गई है। अन्य 7 बच्चे सुरक्षित हैं। उन्हें उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। पुलिस ने वैन और फॉरच्यूनर को कब्जे में ले लिया। पुलिस दोनों ड्राइवरों से पूछताछ कर रही है। वैन ड्राइवर का कहना है कि फॉरच्यूनर ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सामने से टक्कर मारी। उसके बाद उसमें सवार लोगों ने उनकी पिटाई की। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना शुक्रवार सुबह 8 बजे महानगर इलाके के शालीमार गैलेंट चौराहे के पास हुई। हादसे और उसके बाद ड्राइवर की पिटाई से वैन में सवार बच्चे काफी सहम गए। पहले देखिए हादसे की 3 तस्वीरें… आमने-सामने से हुई टक्कर पुलिस ने बताया कि माउंट कार्मल कॉलेज की स्कूल वैन आज सुबह 8 बजे नीरा हॉस्पिटल की ओर से आ रही थी। शालीमार गैलेंट चौराहे के पास मिड लैंड हॉस्पिटल की ओर से आ रही फॉरच्यूनर की उससे आमने-सामने टक्कर हो गई। वैन में सवार 13 और 15 साल की दो छात्राएं घायल हो गईं। उन्हें भाउराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वैन में कुल 9 बच्चे सवार थे। अन्य 7 बच्चे सुरक्षित हैं। दोनों ड्राइवरों से थाने में पूछताछ की जा रही है। वैन चालक ने कहा- फॉरच्यूनर सवार लोगों ने पीटा स्कूल वैन ड्राइवर पवन कुमार ने महानगर थाने में शिकायत दी है। उसमें बताया है कि 9 बच्चों को लेकर माउंट कार्मल कॉलेज जा रहा था। शालीमार गैलेंट चौराहे के पास एक तेज रफ्तार फॉरच्यूनर ने सामने से टक्कर मार दिया। उसके बाद फॉरच्यूनर सवार लोगों ने उन्हें वैन से बाहर खींच लिया। उनकी जमकर पिटाई की। उन्होंने शोर मचाया तो स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। घटना से डरे बच्चे, वैन में छोड़ा सामान फॉरच्यूनर से टक्कर और उसके बाद ड्राइवर की पिटाई से बच्चे काफी डर गए। डर की वजह से कई बच्चों ने पानी की बोतल, टोपी और अन्य सामान वैन में ही छोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे बच्चों के परिजनों ने उन्हें ढांढ़स बंधाया। 3 दिन पहले खरीदी थी फॉरच्यूनर फॉरच्यूनर अलीगंज में रहने वाले स्क्रैप कारोबारी सुशील कुमार अग्रवाल की है। उन्होंने 3 दिन पहले अपनी फर्म त्रिदेव इंटरप्राइजेज के नाम पर फॉरच्यूनर खरीदी है। उनका बेटा रजत इंदिरानगर सेक्टर 19 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली बहन सौम्य को छोड़ने जा रहा था। इस दौरान हादसा हो गया। अब पढ़िए पीड़ित छात्रा ने जो कहा… फॉरच्यूनर ने बहुत तेजी से आकर वैन को टक्कर मारी हादसे में 10वीं की छात्रा अक्षिता घायल हुई हैं। अक्षिता ने बताया वह वैन से स्कूल जा रही थी। तेज रफ्तार फॉरच्यूनर ने वैन में टक्कर मार दी। हमारे भैया (ड्राइवर) ने हमको बचाने के लिए लेफ्ट साइड में वैन मोड दी। मैं विंडो सीट कर बैठी थी। टक्कर इतनी तेज थे कि मुझे झटका लग गया। मेरा कॉलर बोन टूट गया है। डॉक्टर ने दो महीने का रेस्ट बताया है। पिता बोले- फॉरच्यूनर ड्राइवर की वजह से हादसा हुआ अक्षिता के पिता अर्जुन सिंह ने बताया कि ड्राइवर का फोन आया कि वैन का एक्सीडेंट हो गया है। मौके कर पहुंचा, तो देखा वैन पूरी तरह से टूटी थी। बेटी को लेकर भाउराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल में दिखाया। डॉक्टरों ने बताया कि कॉलर बोन टूटी है।


