14.6 मिमी बारिश: सब्जी, अरहर, मक्का, तिल को नुकसान

भास्कर न्यूज | बालोद जिले में ऑरेंज अलर्ट के साए में गुरुवार रात 10 बजे से लेकर शुक्रवार को सुबह 6 बजे तक 14.6 मिमी औसत बारिश हुई। इस दौरान डौंडी तहसील में सबसे ज्यादा 33.9 मिमी, बालोद में 8.5 मिमी, अर्जुंदा में 16.6 मिमी, गुरूर में 6.7 मिमी, गुंडरदेही में 14 मिमी, डौंडीलोहारा में 8.3 मिमी, मार्रीबंगला देवरी तहसील में 14.1 मिमी पानी गिरा। मौसम विभाग के अनुसार कई सिस्टम वर्तमान में सक्रिय है। जिसके प्रभाव से बारिश हो सकती है। शनिवार को धूप के बीच बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान बौछारें पड़ सकती है। वर्तमान में एक द्रोणिका अंदरुनी ओडिशा के ऊपर स्थित अवदाब के केंद्र से उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश तक छत्तीसगढ़ से होते हुए 1.5 किलोमीटर से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। कृषि विज्ञान केंद्र अरौद के प्रमुख वरिष्ठ वैज्ञानिक केआर साहू ने बताया कि कम बारिश धान फसल के लिए फायदेमंद साबित होगा। जरूरत से ज्यादा बारिश होने पर नुकसान संभव है। जिले में 1.78 लाख हेक्टेयर से ज्यादा रकबे में धान, सब्जी सहित अन्य फसलों की खेती किसान कर रहें है। गुरुवार की रात कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हुई है। फल लगी सब्जी, अरहर, मक्का, तिल फसल को नुकसान हो सकता है। तिल में फल आना शुरू हो गया है। सब्जी, अरहर, मक्का में भी फूल, फल लग रहें है। इस वजह से बारिश होने पर झड़ने से नुकसान होगा। बारिश के बाद कहां क्या स्थिति है, यह जानने कृषि विज्ञान केंद्र की टीम खेतों में पहुंच रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *