जयपुर | राष्ट्रीय नाई महासभा राजस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को कृषि अनुसंधान केंद्र दुर्गापुरा टोंक रोड स्थित ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय प्रतिभा एवं भामाशाह सम्मान समारोह में 73 प्रतिभाओं और 22 भामाशाहों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सैन समाज पीढ़ियों से समर्पण भाव से कार्य करने वाला समाज है। इस समाज में वात्सल्य भाव होने से सभी समाजों को जोड़कर चलने की क्षमता है। इससे पहले सैनजी महाराज के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलन किया गया। राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सरना ने स्वागत भाषण दिया और 8 सूत्री मांग पत्र का वाचन किया। प्रधान महासचिव रोहिताश सैन ने बताया कि समारोह में दसवीं व बारहवीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों के साथ ही समाज विकास के लिए पांच लाख रुपए से अधिक दान देने वाले दानवीरों को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, मसानिया धाम के मुख्य उपासक चंपालाल महाराज, विधायक बालमुकुंदाचार्य ने भी संबोधित किया। बालमुकुंदाचार्य ने हवामहल क्षेत्र में सैनजी महाराज के नाम पर सर्किल और पार्क बनाने की घोषणा की। समारोह में शंकराचार्य स्वामी प्रज्ञानानंद सरस्वती महाराज भी मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने की। इस दौरान महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सरोज और विनोद सैन सहित अन्य मौजूद रहे।


