महिला से ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार:सरकारी नौकरी का झांसा देकर हड़पे 42 हजार, कलेक्टर ने भी किया था सम्मानित

धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी ने एसडीएम कार्यालय में अधिकारी बनकर महिला से ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसे पूर्व में गलत जानकारी देकर भरतपुर कलेक्टर से सम्मानित होने पर भी गिरफ्तार किया जा चुका है। निहालगंज थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि 3 मई 2024 को एक महिला ने थाने पर शिकायत दी थी। जिस शिकायत में बताया था कि एक युवक ने एसडीएम कार्यालय में अधिकारी बनाकर महिला से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 42 हजार 290 रुपए की ठगी कर दी थी। आरोपी ने महिला को जॉइनिंग लेटर देने की बात कह कर फोन पे से पैसे लिए थे। जब महिला को सरकारी नौकरी की जॉइनिंग का लेटर नहीं मिला तो उसे ठगी की वारदात का पता चला। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। थाने में दर्ज कराए गए मामले में कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी एएसआई बहादुर सिंह ने ठगी के आरोप में फरार चल रहे आरोपी सरजीत (35) पुत्र पूरन सिंह जाटव निवासी खेमरी थाना बसेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सरजीत सिंह ने पूर्व में आईएएस में चयन होने की झूठी बात कह कर भरतपुर जिला कलेक्टर से सम्मान लिया था। जिस पर उसे तत्कालीन समय में गिरफ्तार किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *