दतिया में लंबे समय से अधूरा पड़ा रिंग रोड प्रोजेक्ट अब फिर से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार शाम एसडीएम संतोष तिवारी ने पुलिस और नगरपालिका टीम के साथ मौके पर निरीक्षण किया और 65 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किए। मकान मालिकों को सात दिन में जगह खाली करने के लिए कहा गया है। जिन लोगों को नोटिस मिले हैं, उन्हें पहले ही जी चितवा गांव में प्लॉट और मकान बनाने के लिए पैसा दिया जा चुका है। इसके बावजूद कई लोग अब तक वहां से नहीं हटे हैं और उसी जगह पर रह रहे हैं। 2013 में शुरू हुआ था काम
रिंग रोड का काम साल 2013 में तत्कालीन मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुरू कराया था। साढ़े तीन करोड़ से सैंपल रोड भी बनवाई गई। बाद में 2016 में 14 करोड़ की लागत से टेंडर निकाला गया और कुछ हिस्से में काम भी हुआ, लेकिन विरोध और शिकायतों की वजह से निर्माण बीच में रुक गया। एसडीएम संतोष तिवारी का कहना है कि रिंग रोड बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए अतिक्रमणकारियों को सात दिन का समय दिया गया है। अगर तय समय में जगह खाली नहीं की गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


