मऊगंज जिले के कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय को आईएसओ (ISO) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाने के लिए मिली है। प्रमाणन का उद्देश्य कार्यालयों में पारदर्शिता, समयबद्धता और नागरिक सेवाओं में सुधार लाना है। इसकी जानकारी शुक्रवार शाम 6 बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी दिलीप कुमार सोनी ने दी। अधिकारियों ने बताया कि जनता से जुड़ी सेवाओं को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार, आधुनिक तकनीक का उपयोग और नागरिकों की शिकायतों का तुरंत समाधान इन प्रयासों की प्राथमिकता में रहा। कलेक्टर और एसपी ने कहा कि आईएसओ प्रमाणन मिलने के बाद अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। आने वाले समय में प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता को और मजबूत बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे, ताकि आमजन को समय पर और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। स्थानीय नागरिक और वरिष्ठ पत्रकार अशोक समदडिया ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलने से मऊगंज में प्रशासनिक सेवाओं की पारदर्शिता और गति में निश्चित रूप से सुधार होगा। लोगों ने उम्मीद जताई है कि मऊगंज जिला भविष्य में प्रदेश के उत्कृष्ट प्रशासनिक मॉडल के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।


