खैरथल में कांग्रेस की जनसभा रद्द:पूर्व सीएम अशोक गहलोत समेत कई वरिष्ठ नेताओं का आना प्रस्तावित था

खैरथल जिला मुख्यालय बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना शनिवार को 56वें दिन भी जारी हैं। इस मौके पर खैरथल अनाज मंडी में विशाल जनसभा का आयोजन होना था, जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जुटना प्रस्तावित था। शुक्रवार देर रात पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के निधन से जनसभा को रद्द कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, सांसद संजना जाटव, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, विधायक दीपचंद खेरिया व ललित यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दुर्रू मियां, पूर्व विधायक साफिया जुबेर और कई अन्य नेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम था। जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। अनाज मंडी में बड़ा पंडाल और मंच बनाया गया। आसपास के गांवों और ढाणियों में कार्यकर्ताओं ने आमंत्रण के लिए परंपरागत रूप से पीले चावल बांटे। भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस ब्लॉक से लेकर व्यापार महासंघ और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी सक्रिय थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शुक्रवार रात बीकानेर में निधन हो गया। वे पिछले दो साल से कोमा में थे और लंबे समय से उपचाररत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस ने प्रदेशभर के सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए। इस कारण खैरथल में प्रस्तावित जनसभा टल गई। किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खेरिया और संघर्ष समिति के सदस्य विक्की चौधरी ने बताया कि गहलोत, डोटासरा और जूली सहित सभी नेता अब बीकानेर जाकर श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। जिसके चलते खैरथल में आयोजित जिला बचाओ मुख्यालय बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे धरना प्रदर्शन में शनिवार को अधिकतर नेता शामिल नहीं हो पाएंगे। लेकिन सभा स्थल पर कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *