सवाई माधोपुर वासियों और देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने नए साल की शुरूआत बुधवार को रणथम्भौर दुर्ग स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर में ढोक लगाकर की। इस दौरान यहां अल सुबह से ही श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ जुटना शुरू हो गई। लोग यहां अल सुबह से ही त्रिनेत्र के दर्शनों के लिए पहुंचने लगे। यहां कई लोग पैदल तो कई लोगों ने कनक दण्डवत लगाते हुए अपने अराध्य के दर्शनों को आए। इस दौरान त्रिनेत्र गणेश मन्दिर ट्रस्ट और वन विभाग की ओर से विशेष इंतजाम भी किए गए।यहां शाम तक करीब पचास हजार से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। रणतभंवर (रणथम्भौर) के लाड़ले का हुआ विशेष श्रृंगार त्रिनेत्र गणेश मन्दिर के प्रधान सेवक हिमांशु गौतम ने बताया कि नए साल के पहले दिन त्रिनेत्र गणेश मंदिर ट्रस्ट के मुख्य मंहत बृजकिशोर और महंत संजय दाधीच के निर्देश पर भगवान गणेश का विशेष शृंगार किया। इस अवसर पर प्रतिमा की चांदी के वर्क व फूलों से विशेष सजावट की गई। इसी के साथ ही विशेष पूजा-अर्चना की गई। साल के पहले दिन बड़ी संख्या में भक्तों के त्रिनेत्र गणेश के दर्शनों के लिए पहुंचने के कारण मंदिर के बाहर तक श्रद्धालुओं की कतार नजर आई। यहां मंदिर के पास तक लंबी कतार लगी हुई नजर आई। ऐसे में श्रद्धालुओं को अपनी बारी आने के लिए कतार में खड़ा होकर इंतजार भी करना पड़ा। इस दौरान गणेश धाम से लेकर रणथम्भौर के दुर्ग के नीचे तक वाहनों का रैला लगा हुआ दिखाई। इस दौरान यहां कई जाम के हालात भी दिखाई पड़े।


