इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना अंतर्गत सत्र 2025-26 में ऑनलाइन आइडिया अपलोड करने में रतलाम प्रदेश में तीसरे स्थान पर आया है। 1078 स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने 4669 आइडिया अपलोड करके प्रदेश में तीसरा स्थान पाया है। जिले के सभी 70 संकुलों के शत प्रतिशत स्कूलों से आइडिया अपलोड हुए और प्रतिशत के मान से जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। ऐसे हासिल किया लक्ष्य जिले की टीम के साथ 6 ब्लॉक के ब्लॉक विज्ञान अधिकारी 70 संकुल के संकुल विज्ञान अधिकारी और स्कूलों के साइंस टीचरों ने विगत दो माह में किए गए प्रयास से यह लक्ष्य पाया है। सर्वप्रथम जिला स्तर पर तथा ब्लॉक स्तर पर इसके बाद संकुलों और स्कूलों में कार्यशालाएं आयोजित हुई। इस उपलब्धि को हासिल करने में रतलाम जिले के सभी 6 ब्लॉक के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, संकुल प्राचार्यों और जनशिक्षकों का सहयोग रहा। देश में 43वां स्थान विशेष बात यह रही कि रतलाम जिला देश में 813 जिलों में 43वें स्थान पर रहा । इंस्पायर नोडल अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर ने बताया कि ब्लॉक और संकुलों में नियुक्त साइंस टीचर की मेहनत से यह लक्ष्य पा सके। सहायक संचालक राहुल मंडलोई, सहायक नोडल अधिकारी एडीपीसी अशोक लोढ़ा, जिला विज्ञान अधिकारी सह योजना अधिकारी जितेंद्र जोशी, सहायक जिला विज्ञान अधिकारी स्वतंत्र क्षोत्रिय, जिला आईटी समन्वयक मुकेश ठन्ना ने इस उपलब्धि पर सभी साइंस टीचर व स्टूडेंट को बधाई दी। छिंदवाड़ा रहा प्रथम साइंस के आइडिया अपलोड करने में छिंदवाड़ा जिला 5728 आइडिया अपलोड करके प्रथम और सतना जिला 4858 आइडिया अपलोड करके दूसरे स्थान पर रहा।


