नेपानगर में नवदुर्गा उत्सव का समापन दशहरे के दूसरे दिन देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हुआ। शहर के मुख्य मार्गों से भव्य चल समारोह निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और देर रात तक माहौल भक्तिमय बना रहा। नौ दिनों तक चले शक्ति उपासना के इस पर्व को नेपानगर में बड़े धूमधाम से मनाया गया। दोपहर से ही चल समारोह निकलने लगे थे। इनमें युवा और बच्चे धार्मिक गीतों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। दूसरे दिन भी देर रात तक चला विसर्जन
नेपा मिल द्वारा स्थापित प्रतिमा का विसर्जन शाम को किया गया। इसके बाद अन्य प्रतिमाएं भी ताप्ती नदी के पास बने विशेष कुंड तक पहुंचती रहीं। नगर पालिका ने इस कुंड का प्रबंध किया था ताकि सुरक्षित तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन हो सके। कुंड में पानी कम होने पर ट्रैक्टरों से पानी डलवाया गया। शाम से लेकर देर रात तक प्रतिमाओं का विसर्जन चलता रहा। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।


