भिण्ड के मिहोना क्षेत्र के उरई रोड स्थित बालाजी भोजनालय पर शुक्रवार रात आबकारी विभाग ने छापा मारते हुए अवैध शराब बरामद की है। तलाशी के दौरान ढाबे से 40 पेटी शराब मिली, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में ढाबा संचालक बंटी भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि बालाजी भोजनालय में खाने के साथ ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। इसके बाद टीम ने देर रात दबिश दी। ढाबे की तलाशी के दौरान फ्रिज और कागज के कार्टन में छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ढाबा बना था ठिकाना जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बालाजी भोजनालय सिर्फ एक ठिकाना था, जबकि असली नेटवर्क कहीं और से संचालित हो रहा है। शराब की इतनी बड़ी खेप किसी मजबूत सप्लाई चेन के बिना यहां तक पहुंचना संभव नहीं है। लंबे समय से जारी है कारोबार स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से ढाबों और भोजनालयों की आड़ में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


