पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने 4 अक्टूबर को जानकारी दी कि भाखड़ा डैम से आज दोपहर 12 बजे पानी छोड़ा जाएगा। यह फैसला मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिनों में पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के बाद लिया गया है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) ने एहतियाती कदम के तौर पर भाखड़ा डैम के मुख्य स्पिलवे (फ्लड गेट) को दो-दो फीट तक खोलने का निर्णय लिया है। लगभग 7000 से 8000 क्यूसेक पानी नियंत्रित तरीके से छोड़ा जाएगा। इससे सतलुज नदी के जलस्तर में करीब आधा फुट की वृद्धि होने की संभावना है। अभी खतरे के निशान से नीचे है जलस्तर मंत्री बैंस ने बताया कि डैम का मौजूदा जल स्तर 1972 फीट है, जो खतरे के निशान से आठ फीट नीचे है। यह कदम सावधानीपूर्वक उठाया जा रहा है ताकि आने वाले दिनों में और बारिश होने पर डैम में पर्याप्त जगह बनी रहे और किसी तरह का नुकसान न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हरजोत सिंह बैंस ने जनता से अपील की कि वे घबराएं नहीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन और बीबीएमबी की टीमें पूरी तरह चौकन्नी हैं और हालात पर लगातार नज़र रख रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की आशंका नहीं है।


