पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालोतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार 04 अक्टूबर को कोर्ट के आदेश पर बालोतरा और जसोल पुलिस ने जेसीबी की मदद से करीब 600 लीटर अवैध शराब नष्ट की। पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त शराब का नियमानुसार निपटारा किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालसिंह भाटी और डीएसपी सुशील मान के सुपरविजन में बालोतरा थानाधिकारी चैल सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान बालोतरा और जसोल थानों में दर्ज कुल 44 मामलों से जब्त की गई अंग्रेजी, देसी शराब और बीयर को नष्ट किया गया। नष्ट की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 600 लीटर थी। निपटारा प्रक्रिया के दौरान बालोतरा थाने के मालखाना प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल सुरताराम और जसोल थाने के मालखाना प्रभारी रामाराम मौजूद रहे। इस कार्रवाई में बालोतरा और जसोल थाने के थानाधिकारी व आबकारी विभाग के सहायक अधिकारी बाड़मेर भी उपस्थित थे। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की रोकथाम के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


