रामानुजगंज में भारी बारिश से एक घर ढहा:कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

रामानुजगंज क्षेत्र में बीते तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। लगातार वर्षा के कारण सभी नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं कन्हर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच, नगर के वार्ड क्रमांक 11 में एक खाली पड़ा मिट्टी का मकान ढह गया। यह घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है। मकान ढहने की तेज आवाज से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी। हादसे के समय घर के पास ही एक व्यक्ति सोया हुआ था, जो आवाज सुनते ही बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई। निचले इलाकों में भरा पानी ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति अधिक गंभीर हो रही है। संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। कई कच्चे मकानों में पानी घुसने की भी खबरें सामने आई हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निचले इलाकों में सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। बाढ़ से निपटने प्रशासन अलर्ट विशेष रूप से कुसमी और जशपुर क्षेत्रों में यदि बारिश जारी रहती है, तो कन्हर नदी का जलस्तर और अधिक बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। प्रशासन की निगरानी टीमें लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं और राहत-बचाव कार्यों की तैयारी पूरी कर ली है। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि “लगातार बारिश से जनजीवन जरूर प्रभावित हुआ है, लेकिन नगर में हालात नियंत्रण में हैं। नगर पालिका की टीम पूरी तरह अलर्ट पर है और बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।” मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के भीतर और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में आमजन से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक सहायता प्राप्त करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *