टीकमगढ़ जिले की बड़गांव तहसील के ग्राम पंचायत ककरवाहा में शनिवार को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण गांव में खस्ताहाल सड़क से परेशान हैं। गांव के देवघाट रैकवार मोहल्ले में सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण काशीराम रैकवार ने बताया कि सड़क इतनी खराब है कि बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि रैकवार बस्ती में 250 से 300 लोग रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि खस्ताहाल सड़क को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन न तो कर्मचारी ध्यान दे रहे हैं और न ही पंचायत की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क पर मुरम डलवाकर उसकी मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके। प्रदर्शन के दौरान विक्रम सिंह बुंदेला, निरभान यादव, गोलोंजी रैकवार, चंदू रैकवार, कोमल रैकवार, पूर्णिमा रैकवार, गरीब रैकवार, गमना कुशवाहा, ज्ञानचंद कुशवाहा, कमल, प्रकाश, बबलू, राकेश कुशवाहा, कमलेश रैकवार और सुरेश रैकवार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।


