हनुमानगढ़ में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात शाखा ने शनिवार को टाउन स्थित केजी पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। यातायात शाखा के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) छोटूराम ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, ट्रिपल राइडिंग से बचने और निर्धारित गति में वाहन चलाने की सलाह दी। एएसआई छोटूराम ने बच्चों को बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने और न ही किसी को चलाने देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाइक चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने नशे में वाहन न चलाने देने और अपने अभिभावकों व पड़ोसियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों से जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से बाल वाहिनी चालकों द्वारा सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने पर ध्यान देने को कहा। यदि कोई बाल वाहिनी चालक नशे में गाड़ी चलाता है, तो इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन या अभिभावकों को देने की बात कही। उन्होंने बच्चों को सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। संस्था संचालक अशोक सुथार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क हादसों को कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी से सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अपने जीवन की सुरक्षा के प्रति सजगता है। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।


