विदिशा में लायंस क्लब इंटरनेशनल ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। अभियान के पहले दिन शनिवार को मानव सेवा न्यास से माधवगंज तक एक रैली निकाली गई। इस दौरान नागरिकों को मानसिक मजबूती, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया। यह अभियान 4 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें विभिन्न स्थानों पर सेमिनार, वर्कशॉप, लेख प्रस्तुति और विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। लायंस क्लब का उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती उदासीनता को दूर करना और लोगों को संवेदनशील बनाना है। समाजसेवी अतुल शाह ने बताया कि आज के समय में छोटे बच्चे और युवा भी मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं। कई बार तनाव के कारण वे आत्मघाती कदम उठा लेते हैं। ऐसे हालातों को रोकने और समाज को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। शाह ने कहा कि हर नागरिक को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। जिस तरह हम शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी तरह मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी संवाद, सहयोग और सकारात्मक माहौल आवश्यक है। इसी संदेश को लेकर लायंस क्लब इंटरनेशनल पूरे सप्ताह विविध गतिविधियां आयोजित करेगा। रैली में लायंस क्लब के पदाधिकारी हाथों में बैनर और स्लोगन लिए हुए थे। उन्होंने ‘स्वस्थ मन, मजबूत समाज’ का संदेश देते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई।


