दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता, ग्रेच्युटी, पेंशन की पात्रता सहित अन्य मांगों को लेकर सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठता बहाली मंच ने राजधानी में अनूठा आंदोलन शुरू किया है। मंच सेकंड स्टॉप स्थित आंबेडकर पार्क में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कर रहा है। 7 दिन चलने वाली संगीतमय कथा का मंगलवार को शुभारंभ हुआ है। इसमें शासकीय शिक्षक संगठन मध्य प्रदेश भी सहयोग कर रहा है। शासकीय शिक्षक संगठन मध्य प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने बताया कि यह आयोजन शिक्षकों की मांगों के अलावा दिवंगत शिक्षकों की आत्मा की शांति के लिए भी आयोजित किया जा रहा है। कौशल और भोपाल जिलाध्यक्ष राजेश साहू के नेतृत्व में संगठन के समस्त पदाधिकारियों ने पहले दिन कलश यात्रा में भाग लिया और पहले दिन की कथा का श्रवण किया। व्यासपीठ पर आचार्य डॉ. अरविंद पचौरी विराजमान हैं। दूसरे दिन की कथा भी शुरू हो गई है। जिसमें वरिष्ठता मंच के प्रमोद पवार, परसराम कपाड़िया, रामचरण वर्मा, लखन सेंगर, अनिल मिश्रा, सुदामा प्रसाद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।


