कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के निधन के चलते शनिवार को खैरथल में प्रस्तावित कांग्रेस की बड़ी जनसभा स्थगित कर दी गई। ये सभा खैरथल जिला बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित होनी थी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम तय था। डूडी के निधन की सूचना के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेशभर के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। खैरथल में सभा स्थल पर पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विधायक दीपचंद खेरिया की मौजूदगी में राष्ट्रगान के साथ दो मिनट का मौन रखकर डूडी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की। तैयारियों पर लगा ब्रेक, लाखों का खर्च व्यर्थ कांग्रेस की इस प्रस्तावित जनसभा के लिए पिछले एक सप्ताह से तैयारियां जोरों पर थीं। करीब 3.5 बीघा क्षेत्र में विशाल टेंट लगाया गया था जिसमें 10 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। शहर के प्रमुख चौराहों पर नेताओं के होर्डिंग और बैनर लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम पर संघर्ष समिति ने 10 से 15 लाख रुपए तक का खर्च किया था। कार्यक्रम स्थगित होने के बाद टेंट, साउंड और लाइटिंग में लगी टीमों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया।


