चित्तौड़गढ़ शहर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। दोपहर के समय हुई इस बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिली। आसमान में घने बादल छा गए और कुछ देर तक तेज बरसात होती रही। हालांकि बारिश रुकने के बाद मौसम फिर से उमस भरा और हल्का गर्म हो गया। वहीं, पड़ोसी जिले राजसमंद में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहां हुई बारिश के बाद बनास नदी में पानी की आवक बढ़ गई, जिसके चलते मातृकुंडिया बांध में जल स्तर ऊपर चला गया। जल संसाधन विभाग के अधिकारी धीरज बेनीवाल ने बताया कि, सुरक्षा के लिहाज से बांध के तीन गेट 30-30 सेंटीमीटर तक खोले गए हैं। शाम तक बांध से करीब 1200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका था। पानी छोड़ने के बाद नदी का प्रवाह भी तेज हो गया है। चित्तौड़गढ़ में शनिवार दोपहर की बारिश ने मौसम में हल्का बदलाव ला दिया। शहर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के मुकाबले करीब 1.1 डिग्री कम है। शुक्रवार को तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे गर्मी और उमस बढ़ी हुई थी। शनिवार की बारिश ने उस गर्मी को कुछ हद तक कम कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, अगर अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहता है। मौसम विभाग ने अगले 7 अक्टूबर तक जिले में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। यानी आने वाले दिनों में मौसम कभी साफ तो कभी बदली भरा रह सकता है। विभाग ने किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर खेतों में काम करते समय या खुले मैदानों में रहने से बचने के लिए कहा गया है।


