नर्मदापुरम में साइबर सेल का पुनर्गठन होगा, जिसमें काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 9, 10 हो जाएगी। साइबर अपराधों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेल का विस्तार हो रहा है, शनिवार को योग्यता परीक्षा ली गई। 30 इच्छुक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 5 से 6 योग्य अधिकारी-कर्मचारियों का चयन कर जिला साइबर सेल टीम तैयार की जाएगी। साइबर सेल को आधुनिक हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर से युक्त अद्यतन सुविधाएं प्रदान की जाएगी। ताकि साइबर अपराधों की जांच और रोकथाम में अधिक दक्षता लाई जा सके। परीक्षा में सम्मिलित सभी प्रतिभागियों तथा पूर्व से पदस्थ साइबर सेल के अधिकारी कर्मचारियों को साइबर विशेषज्ञों एवं पुलिस विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य साइबर सेल के साथ-साथ जिले के समस्त थानों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना और साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। एसपी सांई कृष्णा थोटा ने बताया कि चयनित अधिकारी एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जांच संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिससे जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। अभी साइबर सेल में 4 कर्मचारियों का स्टाफ
नर्मदापुरम साइबर सेल में वर्तमान में 4 कर्मचारियों का स्टाफ है। इनमें साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक पदम सिंह मौर्य, तीन आरक्षक संदीप यदुवंशी, दीपेश सोलंकी, जितेंद्र है।


