कदमा टोल ब्रिज से नीचे गिरा युवक, मौत:रेलिंग पर चढ़ वीडियो बना रहे थे दो युवक, पैर फिसलने से नीचे गिरा

कदमा टोल ब्रिज से नीचे गिरने से आदित्यपुर के इच्छापुर के रहने वाले संभव ठाकुर (19) की मौत हो गई। संभव इंस्टाग्राम पर ​रील्स बनाने का शौकीन था। नशे की हालत में वह मंगलवार की रात करीब 10 बजे ​रील्स बनाने के चक्कर में टोल ब्रिज की रेलिंग पर चढ़ गया। लेकिन पैर फिसलने से वह पीठ के बल खरकई नदी में पत्थर पर जा गिरा। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को टीएमएच के शीतगृह में रखवा दिया है। संभव के साथ उसका साथी इच्छापुर निवासी शुभम मिश्रा (19) भी रेलिंग पर चढ़ा था। जबकि दूसरा साथी रवि रंजन (16) मोबाइल से दोनों की वीडियो बना रहा था। पुलिस ने संभव के दोनों दोस्तों को हिरासत में लिया है। संभव के परिजन भी टीएमएच पहुंचे। वहां उनका रो-रो कर बुरा हाल था। संभव जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में स्नातक फर्स्ट ईयर का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था। इंस्टाग्राम पर उसके 18.9 हजार फॉलोअर्स हैं। इधर, संभव का शव टीएमएच पहुंचा तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों के बीच आपस में ही मारपीट हो गई। पुलिस के बीच बचाव करने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद शव को शीतगृह में रखा गया। दोपहर में ही बाइक से घर से निकले थे
संभव के साथी शुभम मिश्रा ने बताया- वह सोमनाथ मुखी की बाइक लेकर घूमने निकला था। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर थे। शराब खरीदने के बाद सीतारामपुर डैम गए। वहां शराब पी। इसके बाद शाम में घूमने के लिए निकल गए। संभव ने रात में मरीन ड्राइव पर घूमने की इच्छा जताई। इसके बाद तीनों मरीन ड्राइव की ओर चले गए। इसी बीच कदमा टोल ब्रिज के पास संभव वीडियो बनाने लगा। फिर वह रेलिंग पर चढ़ गया और मुझे भी रेलिंग पर चढ़ने बोला। दोनों रेलिंग पर चढ़ वीडियो बना रहे थे। इसी क्रम में संभव का पैर फिसल गया। वह पुल के नीचे पत्थर पर जा गिरा। हमने काफी शोर मचाया, लेकिन कोई भी बचाने के लिए नहीं रुका। टोल ब्रिज की रेलिंग पर चढ़ वीडियो बनाने के क्रम में एक युवक की गिरने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक आदित्यपुर का रहने वाला था। -संजय सुमन, थाना प्रभारी, कदमा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *