शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ और धमकी का मामला सामने आया है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने उज्जैन में खींची गई उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी और उसके भाई के साथ मारपीट भी की। छात्रा ने अपने परिजनों के साथ शनिवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। छात्रा बीकेएसएन कॉलेज में प्रथम वर्ष की विद्यार्थी है। उसने पुलिस को बताया कि उसके मोहल्ले में गौरव नामक युवक रहता है, जिसे वह जानती है। जनवरी 2025 में वह अपनी सहेली के साथ उज्जैन महाकाल दर्शन करने गई थी, जहां गौरव भी मौजूद था। पड़ोसी होने के नाते छात्रा ने गौरव के साथ कुछ तस्वीरें खिंचवाई थीं। 20 सितंबर 2025 को जब छात्रा गौरव के घर के सामने से गुजर रही थी, तब गौरव ने उसका रास्ता रोका। उसने छात्रा को उज्जैन की तस्वीरें दिखाते हुए अपना मोबाइल नंबर दिया और उससे बात करने के लिए कहा। गौरव ने धमकी दी कि यदि उसने फोन नहीं किया तो वह तस्वीरें उसके पिता को भेज देगा। डर के कारण छात्रा ने 22 सितंबर 2025 को गौरव को फोन किया। इसके बाद गौरव लगातार छात्रा को फोन करके परेशान करने लगा और उससे बार-बार मिलने के लिए कहने लगा। छात्रा ने गौरव से बात करने से मना कर दिया और स्पष्ट कहा कि वह अब उससे कोई संपर्क नहीं रखेगी। इसी बात को लेकर शुक्रवार रात करीब 12 बजे गौरव के बड़े भाई अमन और उसके दोस्त तनिष्क ने छात्रा के घर के बाहर उसके भाई के साथ मारपीट की। छात्रा के भाई ने इस संबंध में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार सुबह 8:30 बजे जब छात्रा कॉलेज जा रही थी, तो गौरव उसे बस स्टैंड पर मिला। उसने छात्रा का दाहिना हाथ पकड़ा और धमकी दी। गौरव ने कहा कि अभी तो उसके भाई को जिंदा छोड़ दिया है, लेकिन अगर उसने बात नहीं की और मिलने नहीं आई तो वह उसके भाई को जान से मार देगा और उसकी तस्वीरें वायरल कर उसे बदनाम कर देगा। इस घटना के बाद छात्रा घर लौटी और अपने पिता व भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद वे सभी कोतवाली थाने पहुंचे और गौरव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला का कहना है कि पीडित छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है आरोपी की तलाश की जा रही है।मामले में आगे जांच की जा रही है।


