पलामू में नवविवाहिता का शव फंदे पर मिला:13 माह पहले हुई थी शादी, मायके वालों ने कहा- मार डाल, पति समेत पांच पर आरोप

पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो गांव में शनिवार की रात एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 21 वर्षीय पुनीता देवी, पति राकेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। रविवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया। मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप एमएमसीएच में पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। मृतका के चाचा संतू मेहता ने बताया कि शादी के समय चार लाख रुपए और एक पल्सर बाइक दी गई थी। बावजूद इसके पति राकेश कुमार बार-बार पैसे की मांग करता था। पैसे न मिलने पर वह पुनीता के साथ मारपीट करता था। शादी के 13 महीने बाद ही खत्म हुई जिंदगी मृतका की शादी महज 13 महीने पहले हुई थी। चाचा ने बताया कि पति की बहन की शादी में हुए कर्ज को चुकाने के लिए पुनीता पर दबाव बनाया जाता था। पैसे न मिलने पर उसकी हत्या कर दी गई। मायके पक्ष का कहना है कि पुनीता की मौत की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। जब उनके गांव के लोग करसो गांव शादी की तारीख तय करने गए तो उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। उस समय तक शव को फंदे से उतारा जा चुका था। पति समेत पांच पर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि हत्या में उसके पति राकेश कुमार के साथ-साथ देवर पिंटू, ननद, नंदोई और सास की भी संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश है। मायके पक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *