हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार सुबह 25 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। ये लोग HRTC की बस में सवार थे। बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे कच्चे रास्ते पर मोड़ दिया, जहाँ बस एक दीवार से टकराने के बाद रुक गई। चालक की इस सूझबूझ से बस पलटने से बच गई, जिससे सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। HRTC की बस शिमला से सुबह 11:10 बजे धर्मशाला के लिए निकली थी। जब बस घनाहट्टी के पास पहुंची तो चालक ने ब्रेक लगाना चाहा, लेकिन ब्रेक नहीं लगा। इस पर सूझबूझ दिखाते हुए चालक ने बस को वहीं कच्चे रास्ते पर मोड़ दिया। बस आगे जाकर एक दीवार से टकरा गई और गति कम होने से रुक गई। हादसे का कारण बस की ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। ये सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और कारणों की जांच कर रही है।


