बूंदी के पंचायत समिति सभागार में शनिवार शाम को गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम पहुंचे। उन्होंने कहा-भाजपा सरकार बनने के बाद पिछले 20 महीनों में प्रदेश में अपराधों में काफी कमी आई है। राजस्थान को स्वर्णिम युग की ओर ले जाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा-भाजपा सरकार बने हुए केवल 20 माह हुए हैं, लेकिन इस अवधि में जो काम हुए हैं, वह आजादी के बाद कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि की राशि पहले 6 हजार रुपए थी, जिसे अब बढ़ाकर 9 हजार रुपए किया गया है। दीपावली पर यह राशि किसानों के खातों में जमा होगी। बेढम ने कहा कि सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना, जीएसटी में छूट और युवाओं को रोजगार देने जैसे कदम उठाए हैं। पहले ही वर्ष में 95 हजार युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, राज्य मंत्री ओमप्रकाश भडाणा, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, प्रधान कृष्णा माहेश्वरी, नैनवां प्रधान पदम नागर, मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व गृह राज्य मंत्री को पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कई जगह हुआ स्वागत गृह राज्य मंत्री बेढम व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सैनी का पंचायत समिति सभागार में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। गैस गोदाम के पास देवलाल गुर्जर के नेतृत्व में, गंगरावल जी महाराज मंदिर परिसर में सीपी गुंजल के नेतृत्व में और अशोक नगर व बसोली मोड़ पर भी भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद सैकड़ों वाहनों का काफिला, डीजे और ढोल-नगाड़ों के बीच बेढम व सैनी को ओवण ले जाया गया। सात दिन में समस्याओं के समाधान का निर्देश समारोह के बाद गृह राज्य मंत्री ने करीब पौन घंटे तक जनसुनवाई की। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न शिकायतें और समस्याएं रखीं। उन्होंने सभी परिवादों को सुनकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर को सौंपा और निर्देश दिया कि सात दिन के भीतर सभी मामलों का निस्तारण किया जाए।


