पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में शनिवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। 15 वर्षीय सूरज ठाकुर की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात में सूरज के पिता अमित ठाकुर पर ही हत्या का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है। रविवार सुबह मामले की जानकारी सामने आई तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पत्नी के गुमशुदा होने के बाद बिगड़ी मानसिक स्थिति स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व अमित ठाकुर की पत्नी अचानक गुम हो गई थी। इसके बाद से ही अमित की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। आसपास के लोग भी बताते हैं कि वह अक्सर उदास और तनावग्रस्त रहते थे। इस वजह से पिता-पुत्र के बीच भी आए दिन कहासुनी होती रहती थी। सैलून चलाते थे पिता-पुत्र, विवाद की आशंका मृतक सूरज ठाकुर और उसके पिता अमित ठाकुर मिलकर पांकी के कर्पूरी ठाकुर चौक स्थित एक कॉम्प्लेक्स में सैलून चलाते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी विवाद के दौरान आवेश में आकर अमित ने धारदार हथियार से बेटे की हत्या कर दी। हालांकि वास्तविक कारण का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच की। सूरज का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी अमित ठाकुर फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


