जयपुर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के गतका मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतने के बाद कोटकपूरा लौटी शहर की चार खिलाड़ियों का क्षेत्र की संस्थाओं और खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। इस चैंपियनशिप में इन्होंने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 20 राज्यों की 32 टीमों को पछाड़ कर गोल्ड मेडल जीता और क्षेत्र का नाम रोशन किया । गोल्ड मेडल जीतने के बाद कोटकपूरा के बस स्टैंड पर पहुंची खिलाड़ी अर्शदीप कौर बाजाखाना और कोटकपूरा की खुशप्रीत कौर, आरती और अर्शदीप कौर का मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरमीत सिंह समेत इलाके की प्रमुख हस्तियों के नेतृत्व में जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। इससे पहले भी यह खिलाड़ी कई राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने एक बार फिर गुरू कांशी यूनिवर्सिटी की तरफ से राष्ट्रीय इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भेजा बधाई संदेश मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरमीत सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर मान महसूस करते हुए विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की तरफ से भी इन खिलाड़ियों को बधाई दी और हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया। समाजसेवी बलजीत सिंह खीवा ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य युवाओं को इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस मौके पर खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच गुरप्रीत सिंह ने स्वागत व सम्मान के लिए सभी का आभार जताया।


