खाटूश्यामजी में दर्शन करने आई बुजुर्ग महिला का सोने का कड़ा स्नेचिंग करने का मामला सामने आया है। दो महिलाओं ने इस वारदात को अंजाम दिया। अब बुजुर्ग महिला के पति ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। इस संबंध में दिल्ली के नांगल राय एरिया के रहने वाले 75 साल के बुजुर्ग वेदप्रकाश शर्मा ने मुकदमा दर्ज करवाया कि वह अपनी पत्नी सनो देवी के साथ 3 अक्टूबर को खाटूश्याम मंदिर में दर्शन करने के लिए गए थे। सुबह करीब 10:20 के लगभग मंदिर में दर्शन करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकले तो वेदप्रकाश आगे चल रहे थे,उनकी पत्नी सनो देवी पीछे चल रही थी। इसी दौरान उनकी पत्नी के पास दो महिलाएं आई। एक ने सनो देवी का हाथ पकड़ा और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। दूसरी महिला ने सोने का कंगन तोड़कर काट लिया और फिर वहां से दोनों महिलाएं फरार हो गई। घटना के बाद वेदप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। बता दें कि 3 अक्टूबर को खाटूश्यामजी में पापांकुशा एकादशी थी। इस दौरान यहां पर लाखों भक्त दर्शन करने के लिए आए थे। इसी का फायदा उठाकर महिला आरोपियों ने यहां वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गई। सोने के कड़े का वजन करीब 11 ग्राम है। जिसकी कीमत करीब एक से डेढ़ लाख के बीच है। बता दें कि खाटूश्यामजी में चेन स्नेचिंग, चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले दो महीनों में यहां करीब आधा दर्जन महिलाओं की चेन तोड़ ली गई। एक भी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। इसके अलावा बाइक चोरी सहित अन्य वारदातों का भी आज तक खुलासा नहीं हो सका है।


