दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू सेगमेंट के माध्यम से शहर की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। नगर निगम हेरिटेज जयपुर की टीम इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई कर रही है। कुछ ही घंटों में सफाई, सीवरेज और लाइट जैसी समस्याओं का समाधान कर निगम प्रशासन अपनी सक्रियता का परिचय दे रहा है। हेरिटेज की मेयर कुसुम यादव ने बताया- दैनिक भास्कर एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर निगम की टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। अब तक हेरिटेज क्षेत्र में 100 से ज्यादा शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि कुछ कार्य प्रक्रियाधीन हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर शिकायत का समाधान 12 से 24 घंटे के भीतर किया जाए, ताकि आम जनता को तुरंत राहत मिल सके। दीनानाथ के रास्ते में गंदगी साफ हुई
दरअसल, भास्कर एप के माध्यम से समीर खान ने बताया था कि गणगौरी बाजार के दीनानाथ के रास्ते में गंदगी फैली हुई है। निगम अधिकारी चुनाव की तैयारियों में व्यस्त हैं। उन्होंने सवाल उठाया क्या यही स्वच्छ भारत है? शिकायत दर्ज होने के कुछ ही देर में नगर निगम हेरिटेज की टीम सक्रिय हुई। चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर और सेनेटरी इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर रास्ते के नुक्कड़ पर जमा गंदगी के अंबार को तुरंत साफ करवाया। दिल्ली बाईपास पर सीवरेज चैंबर की सफाई हुई
राजेंद्र कुमार बुटोल ने बताया- जयपुर के दिल्ली बाईपास पर लंबे समय से सीवरेज के पानी की समस्या बनी हुई है। निगम और मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ था। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निगम की गैराज शाखा की जेटिंग मशीन मौके पर पहुंची। सेनेटरी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कर्मचारियों ने ओवरफ्लो हो चुके सीवरेज चैंबर की सफाई का कार्य पूरा किया। एक सप्ताह से बंद लाइट चालू हुईं
वहीं, मेजर शैतान सिंह कॉलोनी (शास्त्री नगर) के रहने वाले विनय ने भास्कर एप पर शिकायत में बताया कि उनकी कॉलोनी की रोड लाइट एक सप्ताह से बंद थी। शिकायत के बाद निगम की लाइट विंग टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कॉलोनी की सभी लाइटों को दुरुस्त किया। भास्कर एप के माध्यम से इसका अपडेट भी साझा किया। मेयर बोलीं- कोशिश रहेगी कि हम उसी दिन समस्या का समाधान कर दें
नगर निगम हेरिटेज की मेयर कुसुम यादव ने बताया- अगर प्रॉपर सूचना दी जाएगी तो हमारी कोशिश रहेगी कि हम उसी दिन उस समस्या का समाधान कर दें। अगर समस्या बड़ी है और उसमें कोई टेक्निकल इश्यू है, तो भी हम संबंधित विंग और अधिकारी से बात करके जल्द से जल्द समाधान करने की कोशिश करेंगे। हम चाहते हैं कि जिस तरह हमारी हेल्प डेस्क से शिकायतों का समाधान होता है। उसी तरह दैनिक भास्कर के पाठकों की समस्याओं का भी निर्धारित वक्त पर समाधान हो। समाधान तभी, जब अधिकारी समस्याओं पर गंभीर हों
इस सेगमेंट को शुरू करने के पीछे भास्कर एप की सोच यही है कि सरकार और अधिकारियों तक रियल टाइम समस्याएं पहुंचें। शहर के हर वार्ड, गली और मोहल्ले से लोग सीधे अपनी बात कह सकें। लोग जो पोस्ट कर रहे हैं, उनमें से 90 प्रतिशत में यही लिखा होता है कि छोटी सी समस्या के लिए वे सरकारी दफ्तरों और अफसरों के कई चक्कर काट कर थक चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती। अब सरकार और अधिकारियों को चाहिए कि वे इन पोस्ट को सकारात्मक लेकर समाधान का रास्ता चुनें। हर समस्या पर तुरंत एक्शन लें। यदि ऐसा होता है तो हम सब मिलकर बहुत जल्दी जयपुर शहर की तस्वीर बदल सकते हैं। … ये खबर भी पढ़ें… भास्कर एप पर बताई समस्याओं के लिए 2 अधिकारी नियुक्त:शिकायतों का समाधान करेंगे, मेयर बोलीं- प्रॉब्लम खत्म होने तक होगा फॉलोअप दैनिक भास्कर एप के आमजन की समस्याओं वाले सेगमेंट का असर दिखने लगा है। नगर निगम हेरिटेज जयपुर ने इसके लिए दो विशेष अधिकारियों की नियुक्ति की है, जो शिकायतों की मॉनिटरिंग कर तय समय पर समाधान सुनिश्चित करेंगे। (पूरी खबर पढ़ें)


