कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट रविवार दोपहर दौसा पहुंचे, जहां उन्होंने पीजी कॉलेज के सामने स्थित होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। खांसी की सीरप से बच्चों की मौत के सवाल पर उन्होंने कहा- सरकार को बिना किसी डिले किए इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। इसकी जांच होनी चाहिए कि ऐसी सिरप कैसे बाजार में आई, कौन लोग इसे प्रमोट कर रहे हैं और कौन निर्माता है। क्या वो ब्लैक लिस्ट थे या नहीं, इसकी उच्च स्तरीय और न्यायिक जांच होनी चाहिए, जिससे सही तथ्य सामने आ सके। इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता, यह बहुत गंभीर मामला है। सरकार को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं तत्कालीन कांग्रेस सरकार गिराने के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर पायलट ने कमेंट करने से इनकार करते हुए कहा- मुझे इसमें कुछ नहीं कहना, जो है सबके सामने है। इस दौरान विधायक दीनदयाल बैरवा, पूर्व विधायक जीआर खटाना, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज गुर्जर, राजीव गांधी संगठन के जिलाध्यक्ष पदम सिंह बरखेड़ा, पीसीसी सदस्य सुरेन्द्र गुर्जर, यूथ के प्रदेश महासचिव करतार माल, रणवीर पांचोली, एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष विजेन्द्र पीपलकी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


