जहरीली कफ सिरप से मासूमों की मौत पर प्रदर्शन:कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की; खिलौनों को बीजेपी के गमछे से फांसी लगाते हुए दर्शाया

छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से एक दर्जन से ज्यादा मासूम बच्चों की मौत के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान 12 खिलौना बच्चों को बीजेपी के गमछे से फांसी लगाते हुए प्रतीकात्मक रूप से सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाया गया।प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर जहरीली कफ सिरप की बोतलों के पोस्टर और उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी की। कफ सिरप निर्माताओं पर तत्काल कार्रवाई हो
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने बड़े हादसे के बावजूद अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई हुई है। इतने गंभीर हादसे के बाद भी सरकार चुप है और दोषियों को बचाया जा रहा है। आखिर बाकी बचे हुए 7 सैंपलों की रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है? मासूमों की मौत के जिम्मेदार अधिकारियों और कफ सिरप निर्माताओं पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, वरना कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। सरकार को जवाब देना होगा कि जो दवाइयां अन्य राज्यों में प्रतिबंधित हैं, वे मध्यप्रदेश के दवा बाजार में किसकी अनुमति से बिक रही थीं। कांग्रेस नेता प्रकाश चौकसे ने कहा कि भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। बच्चों की मौत सरकार की विफलता का सबूत है। कांग्रेस इस मामले को दबने नहीं देगी। जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह विरोध जारी रहेगा। खानापूर्ति की कार्रवाई नहीं चलेगी। अस्पतालों के बाहर जनआंदोलन की चेतावनी
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि यदि सरकार ने दोषी अधिकारियों के निलंबन की तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो एनएसयूआई प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय अस्पतालों के बाहर जनआंदोलन करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *