सिरोही जिले के आरटीआई कार्यकर्ताओं ने रविवार को आशापुरा माताजी मंदिर टेकरी में एक विशेष बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार को देखते हुए एकजुट होकर इसे मिटाने का संकल्प लिया और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वरिष्ठ आरटीआई कार्यकर्ता शंकर लाल गोयल सिरोही ने बताया कि जिले के वन विभाग, चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर इन भ्रष्टाचारियों का पर्दाफाश करेंगे। इसके साथ ही, सूचना आयोग जयपुर में भी एक धरना प्रदर्शन किया जाएगा, क्योंकि आरटीआई की दूसरी अपीलें अक्सर बिना सुनवाई के वापस भेज दी जाती हैं। बैठक में पूर्व वन विभाग अधिकारी मदन सिंह परिहार ने साक्ष्य अधिनियम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम भ्रष्टाचार मिटाने और भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। योग शिक्षक ललित मेघवाल सुमेरपुर ने आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में कार्यकर्ताओं को सुरक्षा नहीं मिलती। उन्होंने सूचना आयोग में ज्ञापन देकर पुलिस सुरक्षा की मांग करने की बात कही, खासकर जब उन्हें नियमानुसार सूचना अवलोकन के लिए राजकीय कार्यालयों में बुलाया जाता है, क्योंकि ऐसे मामलों में कार्यकर्ताओं को फंसाने की रणनीति अक्सर बनाई जाती है। इस बैठक में जितेंद्र सिंह चौहान, समंदर सिंह देवड़ा जेला, नरेंद्र सिंह डाबी, प्रभुसिंह, अर्जुन सिंह, पुखराज, ललित मेघवाल, पुखराज माली, शंकर लाल गोयल, मदन सिंह परिहार (पूर्व वन अधिकारी), मोहन पुरोहित, नाथू सिंह, सुरेश चौहान और अरविंद कुमार प्रजापत सहित कई आरटीआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


