उदयपुर में राजकीय उच्च प्राथमिक विधालय कालारोही की मेजबानी में एमबी ग्राउंड के अटल बिहारी स्टेडियम में चल रही 6 दिवसीय राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का रविवार को समापन समारोह हुआ। निर्णायक सुशील सेन ने बताया कि प्रतियोगिता में जूडो छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा की टीम विजेता रही। वहीं, टोंक टीम उपविजेता रही। छात्र वर्ग में चुरू ने चैम्पियनशिप पर कब्जा जमाया। वही, हनुमानगढ़ और भीलवाड़ा जिले की टीमें कड़े मुकाबले में संयुक्त रूप से बराबर अंको के साथ उपविजेता रहीं। आयोजक शारीरिक शिक्षक किशन सोनी और प्रधानाध्यापिका नीलम मीणा ने बताया कि समापन समारोह में मुख्य अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक फुल सिंह मीणा, विशिष्ट स्थिति महिपाल सिंह राठौड़, भाजपा नेता गजेंद्र भंडारी थे। जिन्होंने विजेता-उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। 7 अलग भार वर्गों में हुए मुकाबले
आयोजक किशन सोनी ने बताया कि समापन से पहले 40 किलो छात्र वर्ग के मुकाबले हुए। जूडो मे 7 अलग-अलग भार वर्ग में छात्र-छात्राओं के मुकाबले हुए थे। स्वर्ण पदक विजेता और उपविजेता खिलाडियों का चयन राज्य स्तरीय कैम्प के लिए किया गया है। ट्रायल के बाद चयनित प्रतिभागियों की टीम राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने जाएगी। उत्कृष्ट ग्राउंड का चयन, खिलाड़ियों का बढ़ा आत्मिविश्वास
जूडो प्रशिक्षक सुशील सेन ने कहा कि प्रतियोगिता में हमने राष्ट्रीय स्तर जैसी सुविधाए प्रदान की। राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक बीकानेर से आए। शहर का सबसे उत्कृष्ट ग्राउंड का चयन किया। अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाडी दिव्या पंवार ने कहा कि उदयपुर में प्रथम बार इस तरह का आयोजन देखने को मिल रहा है। ऐसे आयोजनों से खिलाडी का आत्मविश्वास बढ़ता है। राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता पिपलिया गाँव के मुकेश मीणा ने कहा कि यहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से राष्ट्रीय स्तर का डर नहीं रहेगा। पहली बार ऐसी व्यवस्थाएं देखने को मिली।


