डीग शहर के कामां रोड स्थित एक निजी फॉर्म हाउस पर मोम्स वेलफेयर सोसाइटी डीग ने शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में डांडिया महोत्सव का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता लखपत गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मोम्स वेलफेयर सोसाइटी की फाउंडर रितु अनुराग गर्ग भरतपुर ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और दुर्गा मां की आराधना के साथ हुई। करीब 320 महिलाओं ने इस अवसर पर डांडिया नृत्य में भाग लिया। प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन मोम्स वेलफेयर सोसाइटी डीग की अध्यक्ष ललिता अग्रवाल ने बताया कि डांडिया महोत्सव में डांडिया क्वीन, डांडिया प्रिंसेस, बेस्ट कॉस्ट्यूम लेडी, बेस्ट जोड़ी गर्ल्स, बेस्ट जोड़ी लेडीज, ओल्ड इन गोल्ड डांडिया, 10 लकी ड्रा और 5 सरप्राइज ड्रा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फाउंडर रितु अनुराग गर्ग ने कहा- डांडिया की उत्पत्ति भगवान कृष्ण और गोपियों के रासलीला से जुड़ी है। यह नृत्य समाज में सामूहिकता, एकजुटता और खुशी की भावना को बढ़ावा देता है। विशेष रूप से नवरात्रि के पर्व पर यह सामाजिक-धार्मिक लोक नृत्य के रूप में आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर पायल गोयल भरतपुर, सविता खंडेलवाल भरतपुर, शिप्रा, रेनू खंडेलवाल भरतपुर, चिरायु सिंघल, देवांशी सेठी, गुंजन मित्तल, कांता महावर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। ललिता अग्रवाल ने सभी आगंतुक महिलाओं का आभार व्यक्त किया और उनके उत्साह की सराहना की।


