MP इवनिंग न्यूज बुलेटिन में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास। 1. ब्यूटी पार्लर में मिला दुर्लभ सांप, कीमत 25 करोड़ तक, सिर और पूंछ एक जैसे
सीधी शहर के एक ब्यूटी पार्लर से दुर्लभ रेड सैंड बोआ सांप का रेस्क्यू किया गया है। सांप का पता उस वक्त चला जब ब्यूटी पार्लर संचालिका किसी काम से पार्लर के पीछे बने कमरे में पानी लेने गई। उन्हें फर्श के कोने में एक मोटा, भूरा और चमकदार सांप दिखा। घटना शनिवार रात की है। सांप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ से लेकर 25 करोड़ रुपए तक है। इसका वजन 7 किलो से ज्यादा और लंबाई 3 से 4 फीट है। पढ़ें पूरी खबर 2. खंडवा में ट्रक ने ई-स्कूटी को रौंदा, ट्रेजरी अफसर-प्रॉपर्टी डीलर जिंदा जले
खंडवा में एक ट्रक ने ई-स्कूटी सवार दो युवकों को रौंद दिया। दोनों युवक ट्रक के पहियों में फंस गए। स्कूटी की बैटरी में ब्लास्ट के साथ आग लग गई। दोनों जिंदा ही जल गए। हादसा इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर रविवार दोपहर को हुआ। मृतकों की पहचान विनीत शर्मा और सैयद मोहसिन के रूप में हुई है। विनीत खंडवा कलेक्ट्रेट में सहायक कोषालय अधिकारी (ATO) थे। वहीं, सैयद मोहसिन प्रॉपर्टी और एलआईसी का काम करते थे। पढ़ें पूरी खबर 3. भागवत बोले- बंटवारे के बाद सिंधी भाई पाकिस्तान नहीं गए, वे अविभाजित भारत आए
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि बंटवारे के बाद सिंधी भाई पाकिस्तान नहीं गए। वे अविभाजित भारत आए, मुझे इस बात की खुशी है। जो हम घर का कमरा छोड़कर आए हैं, कल वापस लेकर फिर से डेरा डालना है। भागवत ने सतना में अपने प्रवास के दूसरे दिन रविवार को बाबा मेहर शाह दरबार की नवनिर्मित बिल्डिंग का उद्घाटन किया। इसके बाद सभा को संबोधित किया। पढ़ें पूरी खबर 4. पुलिस से झूमाझटकी पर युवकों को पड़ी लाठियां, एक ने कहा- मैं ताे भाजपा कार्यकर्ता छिंदवाड़ा में नागपुर रोड स्थित वेंकटेश मॉल के पास शनिवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। झगड़ा सुलझाने पहुंची पुलिस से भी उन्होंने झूमाझटकी की। इस पर पुलिस ने लाठी मारी। झगड़े में शामिल एक व्यक्ति ने खुद को भाजपा पदाधिकारी बताया। युवक नशे में थे। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। जब पुलिस ने खदेड़ा तो सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए मार्ग भी बाधित रहा। पढ़ें पूरी खबर 5. छतरपुर में सड़क हादसों में 19 गायों की मौत:आरोप- नपाकर्मियों ने खुले में फेंके शव
छतरपुर जिले में सड़क हादसों में 19 गायों की मौत हो गई। बड़ामलहरा और सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुए इन हादसों के बाद गायों के शव खुले में फेंक दिए गए। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के कर्मचारियों ने मृत गायों के शवों को शहर के बाहर खुले में फेंक दिया। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल ने दोपहर में चक्काजाम कर दिया। एसडीएम पीयूष जैन की समझाइश पर प्रदर्शनकारी माने। पढ़ें पूरी खबर 6. संजय टाइगर रिजर्व में ‘बचईया’ बाघिन की पहली झलक, पर्यटकों ने किए दीदार
सीधी के संजय टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को T-28 मौसी बाघिन की बेटी ‘बचईया’ का पहली बार दीदार हुआ। यह रोमांचक नजारा रविवार सुबह मॉर्निंग सफारी के दौरान देखने को मिला। बाघिन झाड़ियों से अचानक बाहर निकली। टूरिस्ट गाइड धर्मेंद्र भूर्तिया ने बाघिन की तस्वीरें और वीडियो कैमरे में कैद किए, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आ रही है। सफारी खुलने के बाद यह 5वां दिन था, जब पर्यटकों को इसकी झलक मिली। पढ़ें पूरी खबर 7. MP से 10 अक्टूबर तक विदा होगा मानसून:भोपाल में तीन डेम के गेट एक साथ खुले
मध्यप्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। बाकी के जिलों से 10 अक्टूबर तक मानसून के लौटने की संभावना है। इससे पहले कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। अगले 3 दिन बूंदाबांदी होने का अनुमान है। एक सिस्टम स्ट्रॉन्ग रहा तो तेज बारिश के आसार भी हैं। रविवार को भोपाल समेत कई जिलों में बारिश हुई। इससे पहले शनिवार को प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में बारिश का दौर रहा। पढ़ें पूरी खबर 8. एमपी में पकड़ाए तमिलनाडु गोल्ड लूट के 2 आरोपी, 10 करोड़ का सोना बरामद तमिलनाडु में हुई लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दो आरोपियों को बड़वानी की सेंधवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 करोड़ रुपए का 9.424 किलोग्राम सोना, 3 लाख 5 हजार रुपए कैश, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बस से भाग रहे मांगीलाल कानाराम (22) निवासी जेतीवास जोधपुर और विक्रम रामनिवास जाट (18) निवासी गाना मगरा जोधपुर को रविवार को बालसमुंद चेकपोस्ट पर पकड़ा। पढ़ें पूरी खबर 9. लाड़ली बहनों को दिवाली से मिलेंगे 1500 रुपए, हर महीने 318 करोड़ का और खर्च
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अब हर महीने मोहन यादव सरकार का 318 करोड़ का खर्च बढ़ा देगी। कर्ज लेकर लाड़ली बहनों को 1250 रुपए दे रही राज्य सरकार को अब इसी महीने से इस योजना के लिए 318 करोड़ रुपए का प्रबंधन अलग से करना होगा। यह राशि 15 अक्टूबर के पहले प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में भेजी जा सकती है, क्योंकि मुख्यमंत्री ने इसी साल दिवाली के बाद भाईदूज से बहनों के खाते में 1500 रुपए देने की घोषणा की है। पढ़ें पूरी खबर 10. सिंगरौली में चोरी के शक में 6 लोगों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पकड़कर ले गए
सिंगरौली जिले के माजन मोड़ इलाके में आज दोपहर करीब 3:30 बजे चोरी के शक में 6 लोगों ने एक युवक को सरेराह दौड़ा-दौड़ा कर लात-घूंसों से पीटा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय युवक रूपेश ने बताया कि युवक की पिटाई करने वाले लोग यह बोल रहे थे कि वे उसे कई दिनों से ढूंढ़ रहे थे। आरोपियों का कहना था कि कलेक्टोरेट के पास एक हार्डवेयर की दुकान से इस लड़के ने एंगल चोरी किया था। पढ़ें पूरी खबर


