बैतूल जिले के बोरदेही क्षेत्र में रविवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। दीपा मांडई रोड स्थित वाशिंग सेंटर पर कंप्रेसर चालू करते समय उसे जोरदार करंट लगा, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दुर्गेश पहाड़े बोरदेही का निवासी था और दीपा मांडई रोड पर वाशिंग सेंटर के साथ-साथ पंचर व बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। रविवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच वह दुकान खोलकर काम शुरू कर रहा था, तभी कंप्रेसर चालू करते समय यह हादसा हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को गंभीर हालत में बोरदेही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बैतूल रेफर किया गया। परिजनों ने बताया कि दुर्गेश के दो छोटे बच्चे हैं – एक बेटा और एक बेटी। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


